अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 138.4 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। जब्त गांजे, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन समेत कुल सामान की कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को लुण्ड्रा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा के ब्रह्मपुर से स्कॉर्पियो में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बरगडीह के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन सवार स्कॉर्पियो छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए।

गन्ने के खेत में सर्चिंग कर दो को पकड़ा

पुलिस टीम ने खेत में सर्च अभियान चलाकर दो युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान बलराज सिंह बिन्द्रा (23) और अजय बंसल उर्फ अजय बैसला (23) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

स्कॉर्पियो में मिले गांजे के 53 पैकेट

स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर पुलिस को 53 पैकेटों में 138.4 किलो गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 69 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 20 लाख रुपये की स्कॉर्पियो और लगभग एक लाख रुपये के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी दी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।