भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ी प्रगति देखने को मिल रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने भानुप्रतापपुर पहुंचकर रावघाट रेल परियोजना और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रावघाट तक रेल संचालन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शेष कार्य पूरा होते ही ट्रेन सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से रेल लाइन का विस्तार जगदलपुर तक किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
रावघाट परियोजना का अधिकांश काम पूरा
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि रावघाट रेल परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। केवल कुछ तकनीकी और निर्माण संबंधी कार्य शेष हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रावघाट तक नियमित रेल संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और विकास को भी नई गति मिलेगी।
जगदलपुर तक रेल लाइन विस्तार की तैयारी
महाप्रबंधक ने बताया कि रावघाट तक रेल सेवा शुरू होने के बाद अगले चरण में जगदलपुर तक रेल लाइन के विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। रेलवे की योजना के अनुसार इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिससे बस्तर संभाग का रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
क्षेत्र के विकास को मिलेगा नया आयाम
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि रावघाट और आगे जगदलपुर तक रेल संपर्क स्थापित होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार कर रहे बस्तरवासियों को इसके पूरा होने से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।





