रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्त अग्रसेन चौक के पास गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। समता कॉलोनी स्थित मंगलम भवन के सामने एक 18 चक्का भारी वाहन सड़क के बीच धंस गया। ट्रक के अचानक तिरछा होने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया।
पाइपलाइन के लिए खोदी गई थी सड़क
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर ट्रक धंसा है, वहां पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई की गई थी। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद गड्ढे को ठीक तरीके से भरने और सड़क की मरम्मत करने में लापरवाही बरती गई। भारी ट्रक के गुजरते ही सड़क का हिस्सा भार नहीं सह सका और वाहन उसमें धंस गया।
लोगों ने चालक को रोकने की कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को देखते हुए चालक को आवाज देकर वाहन रोकने का प्रयास किया था। इसके बावजूद ट्रक आगे बढ़ा और पीछे की ओर झुकते हुए गड्ढे में फंस गया। घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए।
तिरछा खड़ा ट्रक बना खतरा
हादसे के बाद ट्रक तिरछी स्थिति में फंसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि वाहन के अधिक झुकने या पलटने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। व्यस्त क्षेत्र होने के कारण यहां से लगातार वाहनों और लोगों की आवाजाही होती है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पाइपलाइन के काम के बाद सड़क को सुरक्षित स्थिति में बहाल किया जाना चाहिए था। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




