जगदलपुर। बस्तर के ऐतिहासिक एवं आस्था के महापर्व गोंचा रथयात्रा के अवसर पर जिला प्रशासन ने 16 जुलाई को पूरे बस्तर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे। हालांकि कोषालय और उप-कोषालय पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगे।
हर वर्ष आयोजित होने वाली गोंचा रथयात्रा में बस्तर सहित प्रदेश और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसे बस्तर की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
रथयात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जा रही है। पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और बाहरी जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय व्यापारियों को भी इस आयोजन से कारोबार में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
जिला प्रशासन का मानना है कि स्थानीय अवकाश घोषित होने से अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में शामिल होकर गोंचा महापर्व की परंपरा का हिस्सा बन सकेंगे।





