मुंबई। कुणाल खेमू की अपकमिंग फिल्म ‘वाइब’ (Vibe) का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म की पहली झलक में एक्शन, कॉमेडी और मजेदार गड़बड़ियों का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिल रहा है। कुणाल खेमू के साथ स्पर्श श्रीवास्तव और प्रीति जिंटा भी टीजर में अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।

फिल्म की कहानी दो ऐसे किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देती है, जो न तो किसी बड़े मिशन के लिए तैयार हैं और न ही हीरो बनने की उनकी कोई योजना है। लेकिन परिस्थितियां उन्हें ऐसी जिम्मेदारी के बीच लाकर खड़ा कर देती हैं, जिससे बचना उनके लिए आसान नहीं रहता।


हार्दिक और बग्स बनेंगे अनचाहे हीरो

टीजर में कुणाल खेमू हार्दिक के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि स्पर्श श्रीवास्तव बग्स की भूमिका निभा रहे हैं। देश के सामने खतरा आने के बाद दोनों ऐसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं, जहां उन्हें एक बड़े मिशन की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है।

दोनों की जोड़ी और मुश्किल परिस्थितियों से निपटने का उनका अंदाज फिल्म में कॉमेडी का तड़का लगाता दिखाई देता है।


प्रीति जिंटा का दिखा बॉस-लेडी अवतार

फिल्म में प्रीति जिंटा भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। टीजर में उनका किरदार आत्मविश्वास से भरपूर और प्रभावशाली नजर आता है। कहानी में हार्दिक और बग्स को जिन मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, उनमें प्रीति जिंटा के किरदार की अहम भूमिका दिखाई गई है।


टीजर में उनका बॉस-लेडी अंदाज खास तौर पर ध्यान खींचता है।

कार चेज से लेकर धमाकेदार एक्शन तक

‘वाइब’ के टीजर में तेज रफ्तार कार चेज, एक्शन सीक्वेंस और कॉमेडी से भरपूर कई दृश्य देखने को मिलते हैं। फिल्म में अनचाहे हीरो, अप्रत्याशित परिस्थितियां और कई सरप्राइज देखने को मिलने के संकेत दिए गए हैं।


कुणाल खेमू ने लिखी और डायरेक्ट की फिल्म

‘वाइब’ की खास बात यह है कि फिल्म को कुणाल खेमू ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।

फिल्म में कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। वंशिका धीर इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं। वहीं दिनेश लाल यादव और यशपाल शर्मा भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘वाइब’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।