कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान धक्का लगने से व्यक्ति गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।


चरित्र शंका को लेकर होता था विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना चरचा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवन डांड के पिपरपारा की है। मृतक की पहचान जयवीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी बबली को लंबे समय से संदेह था कि उसके पति का पड़ोस में रहने वाली एक विधवा महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।


पड़ोसन के घर पहुंची महिला, फिर बढ़ा विवाद

बताया गया कि 6 अगस्त को बबली राशन दुकान से घर लौट रही थी। इसी दौरान उसे संदेह हुआ कि उसका पति पड़ोसन के घर में मौजूद है। वह सीधे महिला के घर पहुंची और अंदर जाकर तलाश की, जहां कथित तौर पर उसका पति मिला। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।


गिरने से हुई मौत

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद के दौरान बबली द्वारा धक्का देने पर जयवीर संतुलन खो बैठा और मुंह के बल पत्थर पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे घर ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।


फोरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मौत सिर में लगी चोट से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।