कोंडागांव। जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटपाड में पारिवारिक विवाद के दौरान बड़े भाई द्वारा छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंची मां भी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटपाड निवासी 24 वर्षीय सलीम पटेल शुक्रवार शाम अपनी मां रामोतीन पटेल के साथ घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई जितेंद्र पटेल वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद जितेंद्र ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से सलीम पर हमला कर दिया।
हमले में सलीम के सिर, पीठ और जांघ पर गंभीर चोटें आईं। बेटे को बचाने के प्रयास में मां रामोतीन पटेल भी घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए कोटपाड के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
वहीं गंभीर रूप से घायल सलीम को डायल-112 की मदद से रात करीब साढ़े आठ बजे फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।





