नई दिल्ली। भारतीय युवा पहलवान काजल ढोचक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार U20 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। काजल ने 76 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में चीन की जिंगरू सन को 7-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने एक भी अंक नहीं गंवाया और अपने प्रतिद्वंद्वियों पर कुल 35-0 का दबदबा बनाया।
इस उपलब्धि के साथ काजल, अंतिम पंघाल के बाद दो बार U20 वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं। इससे पहले काजल ने 2025 में 72 किलोग्राम भार वर्ग में भी विश्व खिताब अपने नाम किया था।
पूरे टूर्नामेंट में नहीं गंवाया एक भी अंक
काजल का इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन पूरी तरह एकतरफा रहा। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत जापान की मियू ताकायामा को 8-0 से हराकर की। इसके बाद एल्मिरा यासिन के खिलाफ उन्होंने 14-0 की बड़ी जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में काजल ने अमेरिका की पाइपर फाउलर को 6-0 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। खिताबी मुकाबले में भी उनका दबदबा कायम रहा और उन्होंने चीन की जिंगरू सन को 7-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया।
चार मुकाबलों में काजल ने कुल 35 अंक हासिल किए, जबकि उनके खिलाफ कोई भी प्रतिद्वंद्वी एक भी अंक नहीं बना सकी।
लगातार दूसरी बार बनीं U20 वर्ल्ड चैंपियन
काजल ने इससे पहले 2025 की U20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 72 किलोग्राम वर्ग का गोल्ड मेडल जीता था। उस समय उन्होंने फाइनल में चीन की लियू युकी को हराकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
अब 76 किलोग्राम वर्ग में उतरने के बाद भी उन्होंने अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए लगातार दूसरा U20 विश्व खिताब अपने नाम कर लिया है।
कौन हैं काजल ढोचक?
काजल ढोचक हरियाणा के सोनीपत जिले के लाठ गांव की रहने वाली हैं। उनका परिवार कुश्ती से जुड़ा रहा है। उनके चाचा कृष्ण ढोचक अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान रहे हैं और उन्होंने ही काजल को कम उम्र में कुश्ती से परिचित कराया था।
काजल के पिता रविंदर ड्राइवर हैं, जबकि उनकी मां बबीता गृहिणी हैं। कम उम्र से ही कुश्ती में आगे बढ़ीं काजल ने जूनियर स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर भारतीय कुश्ती में अपनी अलग पहचान बनाई है।
जूनियर स्तर पर शानदार रहा है रिकॉर्ड
काजल ने 2022 में 66 किलोग्राम वर्ग में U15 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप का खिताब जीता था। इसके बाद 2023 में 73 किलोग्राम वर्ग में U17 एशियन चैंपियन बनीं।
साल 2024 में उन्होंने 69 किलोग्राम वर्ग में U17 वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड जीता और 2025 में 72 किलोग्राम वर्ग में U20 वर्ल्ड चैंपियन बनीं।
2026 में भी जारी है गोल्डन सफर
76 किलोग्राम वर्ग में आने के बाद भी काजल की सफलता का सिलसिला जारी है। उन्होंने 2026 में U23 और U20 एशियन खिताब अपने नाम किए। इसके अलावा हंगरी और मंगोलिया में आयोजित रैंकिंग सीरीज में भी गोल्ड मेडल हासिल किए।
बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज के फाइनल में काजल का मुकाबला अमेरिका की डायमंड गिलफोर्ड से 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ था, जिसके बाद उन्होंने निर्धारित मानदंड के आधार पर जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सफलताओं के साथ काजल ढोचक भारतीय महिला कुश्ती की सबसे उभरती हुई युवा प्रतिभाओं में अपनी जगह मजबूत कर रही हैं।





