मनोरंजन डेस्क। भगवान राम की कथा पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों में इन दिनों खासा उत्साह है। नितेश तिवारी की 'रामायण' की चर्चाओं के बीच अब एक और फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' सुर्खियों में है। इस फिल्म में सोशल मीडिया स्टार और 'कच्चा बादाम' फेम अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका निभाती नजर आएंगी। खास बात यह है कि फिल्म को हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। अंजलि अरोड़ा के साथ अभिनेता देव शर्मा भगवान श्रीराम और शील वर्मा लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे।

माता सीता के किरदार में दिखेंगी अंजलि अरोड़ा

'महाकाव्य श्री रामायण कथा' का टीजर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसमें भगवान राम और माता सीता के स्वयंवर से लेकर वनवास और रावण से जुड़े प्रमुख प्रसंगों की झलक दिखाई गई है।

फिल्म में अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। यह प्रोजेक्ट उनके लिए इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसके जरिए वह बतौर अभिनेत्री फिल्मों में कदम रखने जा रही हैं। सोशल मीडिया पर 'कच्चा बादाम' गाने के वीडियो से लोकप्रिय हुईं अंजलि इससे पहले रियलिटी शो और म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं।

25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

फिल्म का निर्माण महोबिया फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला इसके निर्माता हैं। वहीं, अजय कनौजिया की कंपनी एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड इसे प्रस्तुत कर रही है।

निर्माताओं ने फिल्म को हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी की है। 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

स्वयंवर से वनवास तक दिखी कहानी की झलक

फिल्म के टीजर की शुरुआत राम और सीता के स्वयंवर के प्रसंग से होती है। इसके बाद कहानी वनवास की ओर बढ़ती दिखाई देती है। राम के किरदार में देव शर्मा और माता सीता के रूप में अंजलि अरोड़ा की झलक दिखाई गई है।

टीजर में रामायण से जुड़े प्रसिद्ध प्रसंगों और चौपाइयों का इस्तेमाल किया गया है। वनवास के दौरान राम और सीता के रिश्ते को भी प्रमुखता से दिखाया गया है।

लक्ष्मण रेखा के बाद बदलती है कहानी

टीजर में माता सीता के लक्ष्मण रेखा पार करने के प्रसंग की झलक भी दिखाई गई है। इसके बाद कहानी रावण और उसके विरुद्ध होने वाले युद्ध की ओर बढ़ती नजर आती है।

फिल्म में रामायण की कथा को बड़े पर्दे पर किस अंदाज में पेश किया गया है और माता सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा दर्शकों पर कितना प्रभाव छोड़ती हैं, इसका फैसला फिल्म की रिलीज के बाद होगा। छत्तीसगढ़ के दर्शकों के लिए इसका छत्तीसगढ़ी संस्करण खास आकर्षण रहने वाला है।