जशपुर। जिले के बगीचा ब्लॉक के भट्ठीकोना क्षेत्र में प्रस्तावित हाइड्रो पावर सर्वे को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। ग्रामीणों ने सर्वे और भविष्य में संभावित भूमि अधिग्रहण को लेकर चिंता जताते हुए सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। उनका कहना है कि किसी भी तरह की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया से पहले प्रभावित परिवारों के अधिकार, आजीविका और पुनर्वास को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए।
ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि यदि परियोजना के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की जाती है तो उसके बदले तीन गुना जमीन उपलब्ध कराई जाए। मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
WAPCOS को करना है हाइड्रो पावर संभावनाओं का सर्वे
जानकारी के मुताबिक भट्ठीकोना क्षेत्र में रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाइड्रो पावर की संभावनाओं का अध्ययन प्रस्तावित है। CSPGCL के माध्यम से केंद्र सरकार की तकनीकी संस्था WAPCOS द्वारा क्षेत्र में सर्वे किया जाना है।
सर्वे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने संभावित परियोजना और उससे जमीन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर विरोध शुरू कर दिया है।
जमीन के बदले तीन गुना भूमि की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रस्तावित परियोजना के कारण उनकी जमीन का अधिग्रहण किया जाता है तो उन्हें मुआवजे के साथ अधिग्रहित भूमि के बदले तीन गुना जमीन उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा प्रभावित परिवारों की आजीविका, पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा को लेकर सरकार स्पष्ट नीति सामने रखे। ग्रामीणों का कहना है कि विकास परियोजना आगे बढ़ाने से पहले स्थानीय लोगों की सहमति और उनकी चिंताओं का समाधान जरूरी है।
5 से 7 गांव प्रभावित होने की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक प्रस्तावित योजना से क्षेत्र के करीब 5 से 7 गांव प्रभावित हो सकते हैं। इनमें रौनी, बगीचा और भट्ठीकोना जैसे गांव प्रमुख रूप से शामिल बताए जा रहे हैं।
हालांकि परियोजना से वास्तव में कितनी जमीन और कितने गांव प्रभावित होंगे, इसकी अंतिम स्थिति सर्वे और आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों और चिंताओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
उनका कहना है कि सर्वे और संभावित भूमि अधिग्रहण से पहले प्रशासन को ग्रामीणों के साथ बैठक कर परियोजना की पूरी जानकारी साझा करनी चाहिए। साथ ही जमीन, आजीविका और पुनर्वास से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।
SDM बोले- ग्रामीणों की शंकाओं का होगा समाधान
बगीचा एसडीएम समीर बड़ा ने बताया कि भट्ठीकोना क्षेत्र में रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की जा रही है। CSPGCL के माध्यम से WAPCOS द्वारा हाइड्रो पावर की संभावनाओं के अध्ययन के लिए सर्वे प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि सर्वे को लेकर ग्रामीणों के बीच कुछ असमंजस और आशंकाएं हैं। प्रशासन ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें सर्वे के उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी देगा तथा उनकी शंकाओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।




