चेन्नई। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार धनुष के जन्मदिन से पहले तमिलनाडु में उनके फैन क्लबों की गतिविधियों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। तिरुवल्लुर जिले सहित कई इलाकों में फैन क्लबों की ओर से रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों को सहायता और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों को अब केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि संभावित राजनीतिक तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।
क्या राजनीति में कदम रखने वाले हैं धनुष?
हाल के दिनों में धनुष के समर्थकों की सामाजिक सक्रियता लगातार बढ़ी है। इससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि अभिनेता भविष्य में राजनीति में कदम रख सकते हैं। हालांकि, धनुष की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रजनीकांत से हो रही तुलना
धनुष की बढ़ती जनसंपर्क गतिविधियों की तुलना अब सुपरस्टार रजनीकांत की राजनीतिक योजनाओं से की जा रही है। वर्ष 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले रजनीकांत ने राजनीति में आने का ऐलान किया था और 'आध्यात्मिक राजनीति' की बात कही थी। लेकिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने बाद में अपना फैसला वापस ले लिया।
चर्चाओं का बाजार गर्म
ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या धनुष भविष्य में वह राजनीतिक भूमिका निभा सकते हैं, जिसे रजनीकांत पूरा नहीं कर सके। फिलहाल अभिनेता या उनकी टीम की ओर से राजनीति में प्रवेश को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन फैन क्लबों की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक अटकलों को जरूर हवा दे दी है।





