आरंग। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा में शिक्षक शिवकुमार चन्द्राकर (47) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति भी शिक्षक है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

घटनास्थल पर ले जाकर कराई पड़ताल

जानकारी के अनुसार, पूछताछ के बाद संदिग्ध को बनचरौदा स्थित घटनास्थल पर ले जाया गया। यहां पुलिस ने घटनाक्रम को समझने के लिए क्राइम सीन रिक्रिएट किया। संदिग्ध की निशानदेही पर एक हथियार बरामद किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद हथियार का शिक्षक की मौत से कोई संबंध है या नहीं।

मुक्तिधाम के पास मिला था शव

शिवकुमार चन्द्राकर ग्राम डगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे और ग्राम कुम्हारी के शासकीय मिडिल स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से स्कूल के लिए निकले थे। बाद में दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने बनचरौदा मुक्तिधाम के पास सीसी रोड के अंतिम छोर पर उनका शव देखा। घटनास्थल के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी।

सिर पर मिले चोट के निशान

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव और घटनास्थल की जांच की। शिक्षक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्कूल से बनचरौदा कैसे पहुंचे, इसकी जांच

मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि स्कूल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद शिक्षक बनचरौदा कैसे पहुंचे। पुलिस उनके संपर्कों, मोबाइल गतिविधियों और स्कूल से घटनास्थल तक पहुंचने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। एफएसएल, डॉग स्क्वाड और तकनीकी टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

फिलहाल पुलिस ने हत्या की वजह या हिरासत में लिए गए व्यक्ति की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया है। मामले की जांच जारी है।