जशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बागबहार पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा करीब 60 किलो गांजा बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल वैन्यू कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक गांजा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से आ रही वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में बागबहार पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान गांधी चौक बागबहार के पास संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की।

कार की डिक्की में मिले गांजे के 60 पैकेट

पुलिस के मुताबिक कार चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27) बताया। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में रहता है। गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में करीब 60 किलोग्राम गांजा पाया गया।

पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये और कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कार्रवाई में करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश पहुंचाने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप उसे किसने दी थी और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी विकास चौधरी को गिरफ्तार कर थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, पवन पैंकरा और जशपुर पुलिस की साइबर एवं टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।