धमतरी। शहर के रुद्रेश्वर घाट पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान एक प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। ग्राम सियादेही की रहने वाली कक्षा 11वीं की दिव्यांग छात्रा वर्षा ध्रुव ने अपने पैरों से दीप प्रज्वलित कर हौसले और आत्मविश्वास की मिसाल पेश की। वहां मौजूद लोगों के लिए यह पल बेहद भावुक और प्रेरणादायी बन गया।
रुद्री में रहकर पढ़ाई कर रही हैं वर्षा
वर्षा ध्रुव वर्तमान में रुद्री स्थित एक फाउंडेशन में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता नरेंद्र कुमार ध्रुव और माता हीरू बाई खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद वर्षा पढ़ाई जारी रखते हुए भविष्य में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।
सरकारी योजनाओं से परिवार को मिल रही मदद
रिपोर्ट के अनुसार, वर्षा के परिवार को राशन, आवास और आर्थिक सहायता जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वर्षा को छात्रवृत्ति और समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना का भी लाभ दिया जा रहा है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को पक्का मकान भी मिला।
दीप की लौ के साथ दिखा आत्मविश्वास
सेवा संकल्प अभियान के दौरान जब वर्षा ने अपने पैरों से दीप जलाया तो वहां मौजूद लोगों की निगाहें उन पर टिक गईं। उनका यह प्रयास संदेश दे गया कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों और आत्मविश्वास के आगे रास्ता नहीं रोक सकतीं। रुद्रेश्वर घाट की यह तस्वीर अब हौसले और उम्मीद की मिसाल के रूप में चर्चा में है।





