तिरुवनंतपुरम। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 295 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की ओर से जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार शतक लगाया, जबकि जॉन कैंपबेल और अमीर जांगू ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
कुलदीप यादव ने झटके 4 विकेट
भारतीय गेंदबाजों में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे। उन्होंने वेस्टइंडीज के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट हासिल किए, जबकि नितीश कुमार रेड्डी के खाते में एक विकेट आया।
नमन धीर ने किया वनडे डेब्यू
इस मुकाबले में नमन धीर को भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला। वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं।
वहीं यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, औकिब नबी और मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।
टॉस जीतकर गिल ने चुनी गेंदबाजी
टॉस के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही है और लाइट्स में यह और बेहतर हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
गिल ने कहा कि टीम के पास चार विशेषज्ञ गेंदबाजों और दो ऑलराउंडरों का संतुलित संयोजन है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आगामी विश्व कप को देखते हुए टीम अलग-अलग संयोजनों को आजमाना चाहती है।
शाई होप बोले- बड़ा स्कोर खड़ा करना लक्ष्य
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा कि उनकी टीम भारत के खिलाफ चुनौती को लेकर उत्साहित है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम का लक्ष्य बोर्ड पर बड़ा स्कोर खड़ा करना था।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने कप्तान की उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए भारत के सामने 296 रन का लक्ष्य रखा।
भारत की प्लेइंग XI
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग XI
जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), अमिर जांगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ और जेडेन सील्स।
अब भारत को पहला वनडे जीतने के लिए 296 रन बनाने होंगे।





