रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 18 सितंबर से उद्योग, कारोबार और निवेश से जुड़ा बड़ा आयोजन शुरू होने जा रहा है। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह औद्योगिक मेला 20 सितंबर तक चलेगा। इसमें देशभर से उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक और खरीदार शामिल होंगे।
MSME और स्टार्टअप को मिलेगा अवसर
औद्योगिक मेले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद, नई तकनीक और कारोबारी योजनाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से उद्यमियों को नए बाजार और संभावित निवेशकों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
नई तकनीक और उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी
फेयर में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही निवेशकों और उद्यमियों के बीच संवाद के लिए भी विशेष मंच तैयार किया गया है, जहां कारोबार से जुड़े नए अवसरों पर चर्चा होगी।
युवाओं के रोजगार पर भी रहेगा फोकस
इस बार मेले में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर रहेगा। जॉब प्लेसमेंट की व्यवस्था के साथ विद्यार्थियों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद कराया जाएगा। इससे युवाओं को कंपनियों की जरूरतों और रोजगार के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी मिल सकेगी।
बिजनेस आइडिया को मिलेगी पहचान
स्टार्टअप और नए उद्यमियों के लिए यह फेयर अपने कारोबारी विचार और उत्पाद बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर होगा। तीन दिनों तक रायपुर उद्योग, निवेश, रोजगार और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।





