अभनपुर। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में कथित अवैध रेत भंडारण का मामला सामने आया है। राजिम क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायतों के बीच अब नवापारा-आरंग मार्ग पर भी कई स्थानों पर रेत के बड़े-बड़े भंडार नजर आने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर रात के अंधेरे में रेत डंप की जाती है और दिन निकलते ही हाईवा व अन्य वाहनों से इसकी सप्लाई शुरू हो जाती है।

जानकारी के अनुसार, नवापारा-आरंग मार्ग पर नवागांव, कोलियारी और डंगनिया समेत आसपास के कई गांवों में बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण किया गया है। सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर लगे रेत के ढेरों को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि इन स्थानों पर भंडारण की अनुमति नहीं है तो संबंधित विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है।

रात में पहुंचती है रेत, दिनभर होती है सप्लाई

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय वाहनों से रेत लाकर विभिन्न स्थानों पर जमा की जाती है। इसके बाद दिन में हाईवा और अन्य वाहनों के जरिए इसे अलग-अलग इलाकों में भेजा जाता है। आरोप है कि लंबे समय से यह सिलसिला चल रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन की शिकायतों के बीच अब खनिज विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत राजस्व विभाग तक पहुंच चुकी है। इसके बावजूद कथित अवैध भंडारण पर कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

लोगों का कहना है कि प्रशासन को मौके पर पहुंचकर रेत भंडारण से जुड़े दस्तावेज और अनुमति की जांच करनी चाहिए। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

अब देखना होगा कि प्रशासन और खनिज विभाग इन रेत भंडारों की जांच कब करता है और शिकायतों पर क्या कदम उठाया जाता है।