महासमुंद। जिले के नेशनल हाईवे-53 पर कांपा गांव के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर सड़क से उछलकर करीब 30 मीटर दूर जाकर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। ट्रैक्टर में सवार चार युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया।


तीन युवकों की गई जान

हादसे में रामेश्वर साहू (32) और सुमित कुमार रात्रे (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल बंजारे (24) और गोवर्धन यादव (24) गंभीर रूप से घायल हुए थे।

दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण राहुल बंजारे की इलाज के दौरान मौत हो गई। गोवर्धन यादव का उपचार जारी है।


बिरकोनी की ओर जा रहे थे चारों युवक

पुलिस के अनुसार कांपा गांव के चार युवक ट्रैक्टर क्रमांक CG-04 NA-9789 में सवार होकर बिरकोनी की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे उनका ट्रैक्टर नेशनल हाईवे-53 पर शेरे पंजाब ढाबा के पास पहुंचा था।

इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से दूर जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। दुर्घटना के समय हाईवे पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।


ट्रक चालक हादसे के बाद फरार

बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन और चालक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।