रायपुर। राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर एक ट्रक और क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा खरोरा थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में शिवम साहू की मौत हो गई। वहीं ओमप्रकाश साहू, संजय साहू और रामेश्वर केंवट घायल हुए हैं।

घायलों को निजी अस्पताल में कराया भर्ती

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही। हालांकि, रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से जारी है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।