Hockey World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान की महामुकाबले पर दुनिया की नजर, 10 हजार टिकट बिके; स्टेडियम हाउसफुल
खेलकूद🏅
Hockey World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान की महामुकाबले पर दुनिया की नजर, 10 हजार टिकट बिके; स्टेडियम हाउसफुल
· Mukesh Yadav
स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। 19 अगस्त को नीदरलैंड के एम्सटेलवीन स्थित वेगेनर स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबले का क्रेज ऐसा है कि 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के सभी टिकट बिक चुके हैं।
भारत के लिए बेहद अहम मुकाबला
पूल-D में भारतीय टीम के अभी दो मैचों में तीन अंक हैं। भारत ने अपने पहले मुकाबले में वेल्स को 3-1 से हराया था, लेकिन दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ भारत को अगले दौर में जगह सुनिश्चित करने के लिए कम से कम ड्रॉ की जरूरत है।
दूसरी ओर पाकिस्तान के खाते में दो मैचों के बाद सिर्फ एक अंक है। ऐसे में उसके लिए भारत के खिलाफ मुकाबला करो या मरो जैसा है। हारने पर पाकिस्तान की आगे की राह बंद हो जाएगी।
सितंबर 2025 से शुरू हुई थी टिकटों की बिक्री
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टिकटों की ऑनलाइन बिक्री सितंबर 2025 में ही शुरू हो गई थी। रॉयल डच हॉकी एसोसिएशन की कम्युनिकेशन ऑफिसर तमारा बोउवमन्स के मुताबिक टिकट अलग-अलग चरणों में जारी किए गए। पहला चरण सितंबर 2025 और दूसरा मार्च 2026 में शुरू हुआ।
टिकटों की अलग-अलग श्रेणियां रखी गई थीं। गैर-डच मुकाबलों के लिए साउथ स्टैंड का टिकट 35 यूरो से शुरू था, जबकि कवर मेन स्टैंड के डे टिकट की कीमत 57 यूरो थी। हॉस्पिटैलिटी टिकट 251.34 यूरो में उपलब्ध कराया गया था।
नीदरलैंड में भारतीय-पाकिस्तानी प्रशंसकों में उत्साह
नीदरलैंड में रहने वाले भारतीय और पाकिस्तानी समुदाय के बीच इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है। टिकटों की भारी मांग के कारण कई प्रशंसकों को स्टेडियम में मैच देखने का मौका नहीं मिल पाया। बुधवार को वेगेनर स्टेडियम के पूरी तरह भरे रहने की उम्मीद है।
वर्ल्ड कप में 16 साल बाद आमने-सामने
भारत और पाकिस्तान 16 साल बाद पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक-दूसरे का सामना करेंगे। इससे पहले दोनों टीमें 2010 में नई दिल्ली में खेले गए वर्ल्ड कप में भिड़ी थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था। वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों देशों के बीच अब तक पांच मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने तीन और पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं।
भारत को ड्रॉ भी दिला सकता है अगले दौर का टिकट
भारत के लिए समीकरण साफ है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत या ड्रॉ टीम को पूल में दूसरा स्थान दिलाकर अगले दौर में पहुंचा सकता है। वहीं हार मिलने पर भारत की स्थिति दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर निर्भर हो सकती है। ऐसे में हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस मुकाबले में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी।