कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बैकुंठपुर वन मंडल के कई गांवों में 12 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों का दल रातभर गांवों के आसपास विचरण करता रहा और खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल दिन में दामुज क्षेत्र में रुका हुआ था। रात होते ही दल नगर और दुर्गापुर गांव की ओर बढ़ा और भंडारपारा होते हुए सलका गांव के कांदाबाड़ी क्षेत्र तक पहुंच गया। हाथियों के आबादी के नजदीक आने से ग्रामीण रातभर चिंतित रहे।

धान की फसल को पहुंचा नुकसान

हाथियों ने खेतों में घुसकर धान की फसल को रौंद दिया। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। वन विभाग की टीम प्रभावित इलाकों में जाकर फसल नुकसान का आकलन करेगी। इसके बाद पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया की जाएगी।

हाथियों की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर

हाथियों के लगातार मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग के साथ बिजली विभाग की टीम भी अलर्ट मोड पर है। विभागीय कर्मचारी हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं, भीड़ न लगाएं और उनके दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।