रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने के आसार हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे रुकने से बचने की सलाह दी है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में बुधवार, 2 सितंबर, को आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
चांदो में सर्वाधिक 15 सेंटीमीटर बारिश
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। चांदो में सबसे अधिक 15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रामचंद्रपुर में 12 सेंटीमीटर तथा रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





