रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हुई तेज बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसके फैलाव में कमी आने की संभावना है।

बीते 24 घंटों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले महादेव घाट क्षेत्र में पुल पर पानी चढ़ गया। आसपास की निचली बस्तियों में भी पानी भरने की स्थिति बनी।

आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी रह सकती है। अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने के संकेत हैं।

रायपुर में बादल और बौछारों की संभावना

राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दुर्ग में 20 सेंटीमीटर बारिश

पिछले 24 घंटों में दुर्ग में सर्वाधिक 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिपरिया में 19, रायपुर शहर में 18 और पखांजूर में 17 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भिलाई और गंडई में 16-16 सेंटीमीटर तथा कई अन्य स्थानों पर करीब 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना अवदाब उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है और इसके धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।