रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का सिलसिला जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की फुहारों से मौसम सुहावना बना हुआ है। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। इस बीच राजधानी रायपुर में तापमान बढ़ने से उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते दो दिनों में रायपुर का अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री बढ़कर 26 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य से करीब छह प्रतिशत कम है। आने वाले सात दिनों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर बने रहने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।

जगदलपुर में 30.7 डिग्री पहुंचा तापमान

गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। राजनांदगांव में तापमान 30.5 डिग्री, जबकि रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी के कारण उमस का असर भी महसूस हो सकता है।

लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान लोरमी में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेंटीमीटर पानी बरसा। तखतपुर और लालपुर थाना क्षेत्र में 8-8 सेंटीमीटर, जबकि कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसी तरह रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।