रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। डीप डिप्रेशन के असर से प्रदेश के दक्षिण और मध्य हिस्सों में बीते घंटों के दौरान व्यापक वर्षा दर्ज की गई है। कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि राजधानी रायपुर में भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश
मौसम विभाग से जुड़ी जानकारी के अनुसार, पिछले 30 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। रायपुर में 24 घंटे के दौरान करीब 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं जगदलपुर में 25 सेंटीमीटर, लोहंडीगुड़ा में 23 सेंटीमीटर और कई अन्य इलाकों में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गई।
आज भी भारी बारिश और वज्रपात की आशंका
26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इसका अधिक असर सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना है अवदाब
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना अवदाब करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले कुछ घंटों तक इसके प्रभावी बने रहने और इसके बाद धीरे-धीरे कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
27 सितंबर से कमजोर पड़ सकती है बारिश
लगातार बारिश से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है। हालांकि तब तक मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम, तेज बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।





