सूरजपुर। जिले के बिहारपुर में एक वाहन की टक्कर के बाद तहसीलदार और ग्रामीण के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण बिहारपुर थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ग्रामीण का आरोप है कि उसने अपनी एक्सयूवी सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान बिहारपुर के तहसीलदार करमचंद जाटवार अपनी ब्रेजा कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि उनकी कार ने एक्सयूवी को टक्कर मार दी। जब ग्रामीण ने इसका विरोध किया तो तहसीलदार ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और पद का प्रभाव दिखाने का प्रयास किया।

घटना के बाद पीड़ित ने बिहारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए और तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से तहसीलदार का मेडिकल परीक्षण कराने, घटना की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।