बस्तर जिले के बोधघाट पुलिस थाने ने पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय की एनुअल पुलिस स्टेशन रैंकिंग-2025 में प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ थाना बनने का सम्मान हासिल किया है। अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई, कम्युनिटी पुलिसिंग, थाना प्रबंधन और नवाचार जैसे मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बोधघाट थाने को यह राष्ट्रीय उपलब्धि मिली है।
यह बस्तर पुलिस के इतिहास का पहला अवसर है, जब जिले के किसी थाने को पूरे राज्य में सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन का राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि को बस्तर पुलिस की जन-केंद्रित, पेशेवर और परिणाम आधारित कार्यशैली का प्रमाण माना जा रहा है।
टीमवर्क और बेहतर पुलिसिंग का मिला इनाम
बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने बताया कि तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ के नेतृत्व में किए गए प्रभावी कार्यों और वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान सहित पूरे पुलिस स्टाफ की टीमवर्क और समर्पित कार्यशैली के चलते यह सम्मान हासिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल बोधघाट थाना, बल्कि पूरे बस्तर और छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व का विषय है। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और जनता के प्रति जवाबदेह एवं संवेदनशील पुलिसिंग को और मजबूती मिलेगी।





