कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र में युवक की सिरविहीन लाश मिलने से सनसनी फैल गई। हाहालद्दी मंदिर के पीछे झाड़ियों में शव पड़ा मिला, जबकि घटनास्थल के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी हुई थी। सूचना मिलते ही दुर्गूकोंदल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सुकुमार किस्कु के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह ग्रामीण मंदिर के पीछे की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों के बीच युवक का शव दिखाई दिया। शव का सिर गायब था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुनील दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास तलाशी लेने के साथ जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पेड़ से लटकी रस्सी ने बढ़ाया रहस्य

जांच के दौरान शव के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी मिली है। वहीं, मृतक का सिर घटनास्थल से गायब होने के कारण मामला और संदिग्ध हो गया है। हालांकि पुलिस ने अभी रस्सी और युवक की मौत के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

चप्पल और कपड़ों से हुई मृतक की पहचान

पुलिस ने घटनास्थल और शव के पास मिले सामान की जांच की। चप्पल, टी-शर्ट और अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु, पिता लखु, निवासी सीबीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में की गई।

बताया जा रहा है कि सुकुमार रोजगार के सिलसिले में कांकेर आया था। वह हाहालद्दी मंदिर के पास संचालित सागर स्टोन माइंस में सर्वेयर के रूप में काम कर रहा था। माइंस से जुड़े लोगों ने भी उसकी पहचान की है।

जंगल और झाड़ियों में सिर की तलाश

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल मृतक के गायब सिर को तलाशना है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास जंगल और झाड़ियों में लगातार खोजबीन कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत कहां और किन परिस्थितियों में हुई तथा उसका शव मंदिर के पीछे कैसे पहुंचा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुल सकता है मौत का राज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और घटना से जुड़े अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस ने इसे हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत के रूप में अंतिम तौर पर स्पष्ट नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। सिरविहीन शव मिलने की घटना के बाद हाहालद्दी और आसपास के क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।