जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी कांड में NIA की विशेष अदालत में अंतिम सुनवाई पूरी हो गई है। तीन दिनों तक चली अंतिम बहस के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। मामले में अब 31 अगस्त 2026 को फैसला सुनाया जाएगा।

सोमवार को अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने अपनी अंतिम दलीलें रखीं। मंगलवार को बचाव पक्ष की ओर से अंतिम बहस की गई। बुधवार को विशेष अदालत ने एक बार फिर बचाव पक्ष को सुना, जिसके बाद अभियोजन की ओर से जवाबी दलीलें पेश की गईं। दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अदालत ने निर्णय के लिए 31 अगस्त की तारीख तय की।


25 मई 2013 को हुआ था झीरम घाटी हमला

झीरम घाटी में 25 मई 2013 को माओवादियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले पर हमला किया था। घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने की। जांच के मुताबिक हमले में 27 लोगों की मौत और 35 लोग घायल हुए थे।

मामले में चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था, जबकि करीब 150 से 200 अन्य माओवादियों को भी आरोपी बताया गया।


NIA ने 11 आरोपियों को किया था गिरफ्तार

जांच के दौरान NIA ने मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी की मौत हो चुकी है। शेष 10 आरोपियों के खिलाफ NIA की विशेष अदालत में मुकदमे की सुनवाई चल रही थी।

लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद अब अंतिम बहस पूरी हो चुकी है। अभियोजन और बचाव पक्ष दोनों ने फैसले का इंतजार करने की बात कही है।


कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की हुई थी मौत

25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा झीरम घाटी से गुजर रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए माओवादियों ने काफिले पर हमला कर दिया था।

हमले में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विद्याचरण शुक्ल, पूर्व केंद्रीय मंत्री और ‘बस्तर टाइगर’ के नाम से चर्चित महेंद्र कर्मा समेत कई कांग्रेस नेताओं की जान चली गई थी। सुरक्षाकर्मी और आम नागरिक भी इस हमले में मारे गए थे।


13 साल बाद फैसले पर टिकी निगाहें

झीरम घाटी कांड छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और नक्सल इतिहास की सबसे गंभीर घटनाओं में शामिल है। घटना को लेकर वर्षों से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी होते रहे हैं।

अब NIA की विशेष अदालत में अंतिम सुनवाई पूरी होने के बाद सभी की निगाहें 31 अगस्त 2026 पर टिकी हैं। इसी दिन अदालत इस बहुचर्चित मामले में अपना फैसला सुनाएगी।