नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की रहने वाली 24 वर्षीय महिला बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। हादसा पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाट के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रिद्धि करीब 20 बाइक राइडर्स के दल के साथ रायपुर से कांकेर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनकी बाइक को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हुईं रिद्धि
हादसे में रिद्धि गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके साथ चल रहे बाइक राइडर्स और स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें चारामा से धमतरी रेफर किया गया।
धमतरी के श्री राम अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद रिद्धि को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही साथ यात्रा कर रहे बाइक राइडर्स में शोक की लहर दौड़ गई।
करीब 20 बाइक राइडर्स का दल जा रहा था कांकेर
जानकारी के मुताबिक, करीब 20 बाइक राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर की ओर रवाना हुआ था। धमतरी पार करने के बाद दल के कुछ सदस्य आगे निकल गए, जबकि रिद्धि समेत तीन बाइक राइडर्स पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास रिद्धि की बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई।
ट्रेलर और चालक की जानकारी जुटा रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल ट्रेलर और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
घटना के बाद बाइक राइडर्स के दल में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





