मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा करीब सात साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उन्होंने अपनी नई फिल्म 'रूपा' की घोषणा कर दी है। इस फिल्म में गोविंदा मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ निर्माता की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। उनके साथ फिल्म में नवोदित अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर रानी स्वर्णकार नजर आएंगी।


फिल्म की घोषणा के दौरान गोविंदा ने कहा कि उनके करियर में कई उतार-चढ़ाव आए और कई बार लोगों ने मान लिया था कि अब वह फिल्मों में वापसी नहीं कर पाएंगे। लेकिन उन्होंने हमेशा नई शुरुआत पर विश्वास किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 'रूपा' दर्शकों, खासकर युवाओं, को पसंद आएगी और उन्हें प्रेरित करेगी।

गोविंदा ने यह भी बताया कि अंक 14 उनके जीवन में बेहद खास रहा है। उन्होंने कहा कि 14 साल की उम्र से ही उन्हें अंक ज्योतिष पर भरोसा रहा है। एक समय उन्होंने एक ही सप्ताह में 14 फिल्में साइन की थीं, 14 वर्षों तक सुपरस्टार रहे और 14वीं लोकसभा के सदस्य भी बने। अब वे अपने फिल्मी सफर की नई शुरुआत को भी शुभ मान रहे हैं।


'रूपा' गोविंदा की 2019 में रिलीज़ हुई 'रंगीला राजा' के बाद पहली फिल्म होगी। इसके साथ ही उन्होंने अपनी एक और आगामी फिल्म 'दुनियादारी' की भी घोषणा की है। इन दोनों फिल्मों के जरिए गोविंदा बतौर अभिनेता और निर्माता अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।