नवागढ़। पीपरमाटी गांव से गिरौदपुरी जा रहे श्रद्धालुओं से भरा मालवाहक वाहन नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर के पास केनाल मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार 15 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। चारों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कवर्धा रेफर किया गया है।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची।

मालवाहक में सवार थे करीब 25 लोग

पुलिस के अनुसार, मालवाहक वाहन में करीब 25 लोग सवार होकर पीपरमाटी से गिरौदपुरी जा रहे थे। ग्राम प्रतापपुर के पास केनाल मोड़ पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और मालवाहक सड़क पर पलट गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रतापपुर के पूर्व सरपंच मनीष साहू समेत स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।

112 और 108 की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल

घटना की सूचना पर नवागढ़ और दाढ़ी थाना क्षेत्र से डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायलों को पहले नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इसके बाद अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक को ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से सड़क से हटाया। बाद में पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।

चार घायलों को कवर्धा किया गया रेफर

बीएमओ डॉ. एम. रजा के मुताबिक, हादसे के बाद कुल 15 घायलों को नवागढ़ अस्पताल लाया गया था। इनमें लक्ष्मी (16), आशीष (17), सूरज (40) और सुनील (23) को गंभीर चोटें आई हैं। लक्ष्मी को गंभीर चोट लगी है, जबकि आशीष और सूरज के सिर में गंभीर चोट बताई गई है। सुनील के सिर में भी चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए कवर्धा रेफर किया गया।

अन्य घायलों में उत्तम (10), गौतम (14), सुरेखा (25), रविंदर (37), प्रमोद (30), ज्ञान सिंह, तरुण (12), तीजन (65), रवि (35), नोहर दास (15) और रित (15) शामिल हैं। उपचार के बाद इन सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

चालक के खिलाफ मामला दर्ज, हादसे की जांच शुरू

नवागढ़ थाना प्रभारी भुवनेश्वर यादव ने बताया कि मालवाहक में करीब 25 लोग सवार थे। सभी पीपरमाटी से गिरौदपुरी की ओर जा रहे थे। प्रतापपुर के केनाल मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।