इंदौर। युवा अभिनेता और लेखक ऋषभ राज शर्मा का कहना है कि बॉलीवुड में अच्छी हिंदी बोलने वाले कलाकारों को विशेष महत्व दिया जाता है। उनका मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में भाषा को कभी कमतर नहीं आंका जाता, बल्कि शुद्ध और प्रभावी हिंदी कलाकारों के लिए नए अवसरों के दरवाजे खोलती है।


इंदौर निवासी ऋषभ ने बताया कि मध्यप्रदेश के लोगों को उनकी बेहतर हिंदी का स्वाभाविक लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि उन्हें भी कई बार सिर्फ अपनी हिंदी और बोलचाल की वजह से अच्छे मौके मिले। एक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि एक फिल्म में इंदौर के किरदार के लिए कलाकार को स्थानीय अंदाज और इंदौरी लहजा सिखाने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी।

सोमवार को इंदौर पहुंचे ऋषभ राज शर्मा ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी एपिसोडिक इंस्टाग्राम रील सीरीज ‘द परफेक्ट क्रश’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह इंदौर की पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेम कहानी है, जिसे शहर के कलाकारों ने मिलकर तैयार किया है। इस सीरीज में कुल 10 एपिसोड हैं और इसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।