रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। वहीं राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर के लोक भवन में गांधी और शास्त्री के चित्रों पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना से जुड़े हैं। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

शास्त्रीजी का सादगीपूर्ण जीवन प्रेरणास्रोत: साय

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।

साय ने कहा कि गांधी और शास्त्री के जीवन एवं आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

लोक भवन में राज्यपाल ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन

रायपुर स्थित लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके देश के प्रति योगदान को स्मरण किया। इस दौरान लोक भवन में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर गांधी और शास्त्री को नमन किया।