रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत ग्राम दरबा के युवा सूर्यांश शर्मा ने विमानन क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सूर्यांश ने इंडिगो एयरलाइंस के कैडेट पायलट प्रोग्राम में चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। खास बात यह है कि उन्होंने महज 22 घंटे के उड़ान प्रशिक्षण के बाद बिना प्रशिक्षक के विमान उड़ाकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
आठ महीने में उत्तीर्ण की DGCA की परीक्षाएं
ग्राम दरबा निवासी सुशील शर्मा के पुत्र सूर्यांश ने बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखा था। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने कठिन परिश्रम किया और महज आठ महीने की तैयारी में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की आवश्यक परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर लीं। इसके बाद चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार में सफलता हासिल कर इंडिगो के कैडेट पायलट प्रोग्राम में जगह बनाई।
पहली सोलो फ्लाइट से हासिल की बड़ी उपलब्धि
पायलट प्रशिक्षण के दौरान सूर्यांश ने केवल 22 घंटे की फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अपनी पहली एकल उड़ान भरी। बिना प्रशिक्षक के विमान का संचालन करना पायलट प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। सूर्यांश ने यह उपलब्धि हासिल कर अपने सपनों को नई उड़ान दी है।
नीमच में ले रहे पायलट बनने का प्रशिक्षण
वर्तमान में रायपुर के सुंदर नगर में निवासरत सूर्यांश मध्य प्रदेश के नीमच में विमान उड़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनका उद्देश्य प्रशिक्षण पूरा कर पेशेवर पायलट के रूप में विमानन क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना है।
सूर्यांश की सफलता से गांव में खुशी
ग्राम दरबा के युवा की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सूर्यांश की सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी है। उनकी उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।





