धमतरी। जिले के वन क्षेत्र में चार भालुओं ने दो युवकों पर अचानक हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी में भर्ती कराया गया है।
घटना उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज अंतर्गत तुमडीबहार क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चार भालू उनके सामने आ गए और हमला कर दिया। खतरा देखते ही एक युवक वहां से भाग निकला, जबकि दूसरा भालुओं के बीच फंस गया।
शोर मचाने पर जंगल की ओर भागे भालू
भालुओं से घिरे युवक ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से शोर मचाकर मदद के लिए पुकारने लगा। आवाज और चीख-पुकार के बाद भालू उसे छोड़कर जंगल की ओर चले गए। हमले में युवक घायल हो गया। बाद में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना के बाद तुमडीबहार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। वन क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों से जंगल की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।





