धमतरी। जिले के नगरी क्षेत्र में जंगल से लकड़ी लेने गए दो युवकों पर चार भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। घटना तुमड़ीबहार गांव के जंगल क्षेत्र की है। हमले में दोनों युवक घायल हुए हैं, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
लकड़ी लेने जंगल गए थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, अर्जुनी निवासी 25 वर्षीय दिनेश नेगी और उसका साथी 20 वर्षीय मदन नेताम जंगल में लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान अचानक चार भालुओं ने उन्हें घेर लिया।
बताया जा रहा है कि तीन भालुओं ने दिनेश नेगी पर हमला किया, जबकि एक भालू ने मदन नेताम को निशाना बनाया। हमले में दोनों युवक घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
दिनेश की हालत गंभीर, रायपुर रेफर
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दिनेश नेगी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया। वहीं मदन नेताम का भी उपचार जारी है।
इलाके में भालुओं की मौजूदगी से दहशत
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही बढ़ने से लोगों के सामने खतरा पैदा हो गया है। जंगल पर निर्भर ग्रामीणों के लिए लकड़ी और अन्य जरूरतों के लिए भीतर जाना जोखिम भरा होता जा रहा है।
घायलों के परिजनों ने की मुआवजे की मांग
घटना के बाद घायलों के परिजनों ने प्रशासन और वन विभाग से आर्थिक सहायता की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग भी उठ रही है।
वन क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से सावधानी बरतने और अकेले जंगल में न जाने की अपील की जा रही है।





