रायपुर। पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान कथित धोखाधड़ी के मामले में कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट का ठेका दिलाने का झांसा देकर 17.52 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐश्वर्या दीवान की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 175(3) के तहत दायर आवेदन स्वीकार करते हुए पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर जांच पूरी करने और अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


ट्रांसपोर्ट कारोबार में साझेदारी का दिया था प्रस्ताव

न्यायालय में दायर आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता दिनकर विश्वमित्र ने बताया कि उनकी मुलाकात राजेश चौहान से उनके परिचित सरोज कुमार के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि राजेश चौहान ने खुद को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बताते हुए कहा कि उनकी गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी को ओडिशा के क्योंझर स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड में आयरन अयस्क और अन्य सामग्री के परिवहन का ठेका मिला है।


भारी मुनाफे का भरोसा देकर कराया निवेश

शिकायत में कहा गया है कि राजेश चौहान ने ट्रांसपोर्ट कारोबार में मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाते हुए ट्रक लगाने और साझेदार बनने का प्रस्ताव दिया। विश्वास दिलाने के लिए कथित तौर पर वर्क ऑर्डर समेत अन्य दस्तावेज भी दिखाए गए। इन्हीं दस्तावेजों और आश्वासनों पर भरोसा कर शिकायतकर्ता ने कारोबार में निवेश करने का निर्णय लिया।


इकरारनामे के बाद किए गए लाखों रुपये ट्रांसफर

शिकायतकर्ता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता सौरभ चौबे के अनुसार, 30 जुलाई 2021 को दिनकर विश्वमित्र और राजेश चौहान के बीच इकरारनामा हुआ था। इसके बाद दिनकर ने पहले 2.51 लाख रुपये का भुगतान किया। बाद में गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी के खाते में दो अलग-अलग किस्तों में 15.01 लाख रुपये और ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 17.52 लाख रुपये का निवेश किया गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि व्यवसायिक साझेदारी के नाम पर धोखाधड़ी कर रकम हासिल की गई और तय शर्तों के अनुरूप कोई लाभ या काम नहीं दिया गया।


कोर्ट ने पुलिस को दिए जांच के निर्देश

मामले की सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पुलिस को एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच करने तथा जांच पूरी होने के बाद अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता का परीक्षण करेगी।


टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं राजेश चौहान

राजेश चौहान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रह चुके हैं। उन्होंने 1990 के दशक में भारत के लिए 21 टेस्ट और 35 वनडे मुकाबले खेले। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 47 विकेट हासिल किए थे।