केशकाल। कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित महेश बघेल शासकीय महाविद्यालय में शनिवार सुबह परीक्षा के दौरान अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग लगने से कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन और पुलिस की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो गया।
परीक्षा के दौरान मची हलचल
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे महाविद्यालय में परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान प्राचार्य कक्ष में टेबल के पास लगे विद्युत बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट के बाद कॉलेज के अन्य कमरों से भी तेज आवाजें सुनाई देने लगीं। कमरों से धुआं और चिंगारियां निकलती देख परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं तथा ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों में हलचल मच गई। एहतियात के तौर पर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।





