सूरजपुर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 15 नामजद समेत 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को प्रतापपुर थाना पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस दल का विरोध करते हुए लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में SDOP सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

पुलिस का आरोप है कि गांव के सरपंच के इशारे पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला किया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना के बाद पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के साथ 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।