सरगुजा। जिले में एएसए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर बेहतर रिटर्न दिलाने का झांसा देकर एक महिला लेक्चरर से करीब 55 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने जिला स्काउट-गाइड अधिकारी और एक महिला लेक्चरर समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गर्ल्स स्कूल अंबिकापुर में पदस्थ लेक्चरर निर्मला मिंज ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उनके साथ काम करने वाली लेक्चरर संगीता राय तिर्की ने उन्हें एएसए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने की जानकारी दी थी। आरोप है कि बेहतर रिटर्न का भरोसा दिलाते हुए उनकी मुलाकात जिला स्काउट-गाइड अधिकारी योगेश विश्वकर्मा से कराई गई।
46.12 लाख रुपये का लोन लेकर कराया निवेश
शिकायत के अनुसार, निर्मला मिंज को भरोसा दिलाया गया कि विभागीय पे-स्लिप के आधार पर बैंक से आसानी से लोन मिल जाएगा और उसकी मासिक किस्त कंपनी जमा करेगी। साथ ही निवेश के बदले हर महीने करीब 40 हजार रुपये लाभांश देने की बात भी कही गई।
इन बातों पर विश्वास करते हुए महिला लेक्चरर ने अलग-अलग बैंकों से कुल 46 लाख 12 हजार रुपये का ऋण लिया और रकम कंपनी में निवेश कर दी। आरोप है कि निवेश के बाद भी उन्हें लगातार भरोसा दिलाया जाता रहा कि लोन की किस्त कंपनी की ओर से जमा की जा रही है।
डेढ़ साल बाद बैंक से मिला नोटिस
करीब डेढ़ साल बाद बैंक से लोन की किस्त जमा करने का नोटिस मिलने पर पीड़िता को मामले की जानकारी हुई। आरोप है कि कंपनी की ओर से किस्तें जमा नहीं की गई थीं। इसके बाद उन्हें अपनी तरफ से करीब 9 लाख 27 हजार रुपये बैंक में जमा करने पड़े।
जब उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क किया तो कथित तौर पर बताया गया कि ट्रेडिंग कंपनी के खिलाफ अपराध दर्ज हो चुका है और रकम मिलने में समय लगेगा।
पांच लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद योगेश विश्वकर्मा, अरुण कुशवाहा, आकाश सिंह, शशिकांत सिंह और संगीता राय तिर्की के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब बैंक खातों, लेन-देन और निवेश की रकम कहां भेजी गई, इसकी जांच कर रही है।
मामले में अन्य शिक्षकों के भी कंपनी में निवेश करने और प्रभावित होने की बात सामने आई है, हालांकि फिलहाल उनकी संख्या और कुल रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




