रायपुर। राजधानी से लगे माना क्षेत्र के ग्राम नकटी में लंबे समय से प्रस्तावित बेदखली कार्रवाई सोमवार को शुरू हो गई। प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बताए जा रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए आधी रात से ही जेसीबी मशीनों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नकटी के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में बने 48 मकानों को हटाने के लिए राजस्व विभाग पहले ही बेदखली नोटिस जारी कर चुका था। प्रशासन का कहना है कि संबंधित मकान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए हैं, इसलिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी ओर, ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस भूमि पर रह रहे हैं और कई मकानों का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुआ है। प्रशासन और ग्रामीणों के अलग-अलग दावों के बीच पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।