राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। भगवान राजीव लोचन मंदिर में दर्शन करने के बाद रायपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार श्यामा चरण चौक के पास एक हाईवा वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु अर्टिगा वाहन से राजिम स्थित भगवान राजीव लोचन मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी रायपुर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान श्यामा चरण चौक के पास उनकी कार की हाईवा से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर राजिम पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना में कितने लोग घायल हुए हैं और उनकी स्थिति कैसी है, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।





