रायपुर। राजधानी के टाटीबंध क्षेत्र में एम्स के सामने सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगाए जा रहे ठेले-खोमचों के खिलाफ यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 ठेले जब्त किए गए, जबकि करीब 15 से 20 ठेला-खोमचा संचालकों को मौके से हटाया गया। कार्रवाई के बाद सड़क और आसपास के आवागमन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एम्स के सामने सड़क किनारे ठेले-खोमचे लगने से यातायात प्रभावित होने की शिकायत पर कार्रवाई की गई।

नगर निगम की ‘प्रहरी’ टीम के साथ चला अभियान

यातायात थाना टाटीबंध प्रभारी भुनेश्वर साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां नगर निगम की ‘प्रहरी’ टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे और आवागमन वाले हिस्से में लगाए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान 10 ठेले जब्त किए गए। वहीं, करीब 15 से 20 ठेला-खोमचा संचालकों को वहां से हटाते हुए दोबारा सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई।

एंबुलेंस के आवागमन में न आए बाधा

यातायात पुलिस के अनुसार, एम्स जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान के सामने यातायात व्यवस्था सुचारु रखना बेहद जरूरी है। सड़क किनारे अतिक्रमण होने से सामान्य वाहनों के साथ एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो सकती है।

पुलिस ने ठेला-खोमचा संचालकों को सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक आवागमन वाले स्थानों पर दुकान नहीं लगाने की हिदायत दी है। अधिकारियों ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी न हो तथा एंबुलेंस को निर्बाध रास्ता मिले, इसके लिए एम्स के आसपास लगातार निगरानी रखी जाएगी।

यातायात पुलिस और नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सुगम यातायात और जनहित को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ इस तरह की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।