कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर शहर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। पुराने बस स्टैंड के पास मटन मार्केट के सामने एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।


मटन मार्केट के सामने हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक घटना बैकुंठपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के सामने की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग सड़क से गुजर रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


आसपास CCTV नहीं होने से पहचान में परेशानी

घटनास्थल शहर के बीचों-बीच होने के बावजूद आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को अज्ञात वाहन की पहचान करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस अब घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की जानकारी जुटा रही है।


चौक-चौराहों के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

फरार वाहन का सुराग लगाने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के साथ आसपास के प्रतिष्ठानों और निजी परिसरों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस का प्रयास है कि वाहन की पहचान कर चालक तक जल्द पहुंचा जाए। मामले में आगे की जांच जारी है।