भिलाईनगर। दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव संभाग की प्रमुख खबरों में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े नामों की फिर चर्चा है। महादेव ऐप के कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में खाद की गुणवत्ता को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है और सेक्टर-9 अस्पताल के आउटसोर्सिंग के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है।
प्रॉपर्टी डीलर पर बेसबॉल बैट, चाकू और कटर से हमला
भिलाई नगर थाना पुलिस के अनुसार, योगेश सूर्यवंशी (32) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे वह सेक्टर-6 पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली लौट रहे थे। डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से पल्सर बाइक पर आए तीन युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि पहले उनके सिर पर बेसबॉल बैट से वार किया गया। किसी तरह उन्होंने बाइक संभाली, लेकिन आरोपियों ने पीछा करते हुए बाइक के पहिए में डंडा फंसा दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
गर्दन और पैरों पर किए कई वार
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी हरीश यादव ने धारदार हथियार से योगेश की गर्दन पर हमला किया। इसके बाद प्रखर चंद्राकर और अमन मूर्ति ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि अमन ने गर्दन पर चाकू से वार किए, जबकि प्रखर ने कटर और बटनदार चाकू से दोनों पैरों पर लगातार 8 से 10 वार किए।
हमले में गंभीर रूप से घायल योगेश को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है।
पुरानी रंजिश में हत्या की कोशिश का आरोप
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनकी हत्या की नीयत से हमला किया। पहले नेवई थाना में जीरो पर अपराध दर्ज किया गया, जिसके बाद मामला भिलाई नगर थाना स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पहले भी विवादों में रह चुका है प्रखर चंद्राकर
यह पहला मामला नहीं है जब प्रखर चंद्राकर का नाम हिंसक घटना में सामने आया हो। करीब नौ महीने पहले रायपुर के तेलीबांधा स्थित एक क्लब में युवक के साथ मारपीट के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मारपीट के बाद आरोपी डांस करते हुए दिखाई दिए थे।
इसके अलावा, सुपेला थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे युवकों के साथ मारपीट के मामले में भी पुलिस प्रखर चंद्राकर को गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार सामने आ रहे मामलों के चलते उसका नाम एक बार फिर सुर्खियों में है।
अन्य प्रमुख खबरें
- समितियों में भंडारित खाद के नमूने गुणवत्ता जांच में फेल, कृषि विभाग ने संबंधित एजेंसियों से जवाब मांगा।
- भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल को आउटसोर्सिंग में देने के प्रस्ताव का विरोध, कर्मचारी संगठनों और सामाजिक संगठनों ने सरकारी व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।





