धमतरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शांति कॉलोनी चौक में बुधवार दोपहर एक नशे में धुत युवक के बिजली के खंभे पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवक करीब एक घंटे तक खंभे के ऊपर बैठा रहा, जबकि नीचे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।


देखते ही देखते पोल पर चढ़ गया युवक

जानकारी के अनुसार, युवक दोपहर के समय लड़खड़ाते हुए शांति कॉलोनी चौक पहुंचा। कुछ ही देर में वह बिजली के पोल पर चढ़ गया। युवक को ऊपर जाते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा, जबकि अन्य लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।


खंभे में दौड़ रहा था करंट

जिस बिजली के खंभे पर युवक चढ़ा था, उसमें लगातार करंट प्रवाहित हो रहा था। ऐसे में जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि युवक करंट की चपेट में आने से बच गया। इस दौरान चौक पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती गई।


पुलिस और स्थानीय लोगों ने समझाकर नीचे उतारा

करीब एक घंटे तक युवक पोल पर ही बैठा रहा। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वार्ड के लोगों के साथ मिलकर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।


युवक की पहचान नहीं हो सकी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अत्यधिक नशे में था और उसे अपने आसपास के खतरे का अंदाजा नहीं था। फिलहाल उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।