कांकेर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यासकोंगेरा स्थित फरसीपारा में सोमवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां पर टांगिया से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, व्यासकोंगेरा निवासी भीखम उसेंडी सोमवार दोपहर करीब 2 से 4 बजे के बीच शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी मां बुधयारिन बाई (61) से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे टांगिया से मां पर हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी मां पर टांगिया से हमला किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





