रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से बूंदाबांदी का दौर जारी है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। रायपुर में भी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बने रहने का पूर्वानुमान है।
कोरबा में उफान पर दादर नाला
लगातार बारिश का असर कोरबा में भी देखने को मिला है। शहर का दादर नाला उफान पर है। शनिवार सुबह नाला पार करने के दौरान एक स्कॉर्पियो तेज बहाव की चपेट में आ गई। वाहन में सवार तीन युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बाद में वाहन को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।
सड़क पर बहकर आया मलबा
कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बारिश के पानी के साथ सड़क पर आ गया। इससे सड़क पर बड़ी मात्रा में मिट्टी और कीचड़ जमा हो गया। एक कार और यात्री बस भी मलबे में फंस गई। राहत की बात रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मैनपाट में नदी में बहे युवक-युवती
सरगुजा के मैनपाट क्षेत्र में घूमने आए युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। स्थानीय व्यक्ति ने रस्सी की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश जारी है।
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की सलाह दी जाती है।





