सरगुजा। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक मकान से पुलिस ने महिला और युवक के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान नईहारो मझवार और बेन्जे बड़ा के रूप में हुई है। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को महिला के पति बाबूलाल मझवार पर हत्या का संदेह है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
घर में मौजूद थे तीनों, विवाद के बाद हत्या की आशंका
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की शाम बेन्जे बड़ा, नईहारो मझवार और उसका पति बाबूलाल मझवार एक मकान में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विवाद बढ़ने पर बाबूलाल ने कथित तौर पर फावड़े से अपनी पत्नी नईहारो और बेन्जे पर हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई।
वारदात के बाद पति फरार
घटना के बाद से बाबूलाल मझवार का पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फरार संदिग्ध की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।




